जमशेदपुर: राजद के जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी की दबंगई का मामला सामने आया है. एनएच-33 स्थित महेंद्रा बालाजी सर्विस सेंटर के बाहर पार्किंग विवाद को लेकर सर्विस सेंटर के कर्मचारी दीपक महतो को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया गया है. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के बाद एमजीएम पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.


जानकारी के अनुसार, डिमना के पास रूपाई डांगा नेशनल हाइवे स्थित डॉलफिन क्लब के मालिक एवं राजद जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी ने पटमदा मेजूरनाचा निवासी दीपक महतो के साथ मारपीट की है. बीच- बचाव करने आए नरेश हांसदा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया है. घटना की सूचना पर ग्रामीण एकत्रित हुए और शंभू चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पीड़ित दीपक महतो और नरेश हांसदा ने बताया कि शंभू चौधरी ने गाली- गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और शारीरिक हमला किया है. वहीं सर्विस सेंटर में काम करने वाली महिला कर्मचारी झूम गोरी और अन्य महिला कर्मचारियों ने कहा कि शंभू चौधरी आए दिन गंदी- गंदी गालियां देते हैं और उठा ले जाने की धमकी तक देते हैं.
महेंद्रा बालाजी सर्विस सेंटर प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए पुलिस प्रशासन से दबंग नेता शंभू चौधरी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. सर्विस सेंटर के मैनेजर विनीत कामथा ने कहा कि चौधरी हमेशा मुख्य मार्ग को अपनी संपत्ति बताकर विवाद खड़ा करते हैं और कर्मचारियों को धमकाते हैं. इस कारण कर्मचारी दहशत में काम कर रहे हैं.
देखें video

