जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह ग्वाला पट्टी स्थित श्री श्री शिव राधा कृष्ण हनुमान मंदिर में 6 मार्च से 9 मार्च 2026 तक चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. आयोजन को लेकर मंदिर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है.

कार्यक्रम की शुरुआत 6 मार्च को सुबह 6:30 बजे भव्य कलश यात्रा से होगी. इसके बाद पंचांग पूजा एवं जलाधिवास संपन्न कराया जाएगा. 7 मार्च को वेदी आवाहन, अन्नाधिवास, फलाधिवास, रत्नाधिवास एवं नगर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित होगा. 8 मार्च को वेदी पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न होगा. इसी दिन से अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें भजन मंडलियां और श्रद्धालु भाग लेंगे. 9 मार्च को ब्रह्मभोज और भोग वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा.
मंदिर समिति के अर्जुन यादव ने बताया कि इस अवसर पर काशी से विद्वान पंडितों को आमंत्रित किया गया है. आचार्य वाचपति ओझा के सान्निध्य में सभी धार्मिक विधि-विधान संपन्न होंगे. समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है.

