जमशेदपुर: भादो अमावस्या के अवसर पर साकची स्थित महालक्ष्मी, अंजनी माता और राणी सती दादी मंदिर में महामंगलपाठ का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ. सत्यनारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. महिलाएं पारंपरिक परिधानों और हाथों में मेहंदी सजाए हुए दादीजी के मंगलपाठ में शामिल हुईं.

मंगल पाठ वाचिका शिल्पी वर्मा ने संगीतमय मंगलपाठ प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया. कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई और भजन ‘धोय धोये आंगना में आवो म्हारी दादी जी’, ‘मोटी सेठानी म्हारो बेड़ो पार लगाणो पड़सी’, ‘तेरा किसने किया सिंगार मैया बड़ी प्यारी लागे’ जैसे गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. दादीजी के जयकारों से मंदिर प्रांगण गुंजायमान रहा.

पूरे विधि विधान के साथ पूजा- अर्चना सम्पन्न हुई, जिसमें शहर के विद्वान पंडितों ने पूजा कार्य कराया. कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, सचिव प्रमोद भालोटिया सहित कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. मंदिर परिवार की महिला सदस्यों ने भी पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.


