जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने शनिवार को जमशेदपुर परिसदन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के ‘नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार’ को आम जनता और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत करार दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में लिए गए फैसले देश की अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे.

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से देश के राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है. वित्त वर्ष 2017-18 में जहां राजस्व 82,000 करोड़ था, वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में यह बढ़कर औसत 2,04,500 करोड़ तक पहुँच गया है. उन्होंने कहा कि आगामी 22 सितंबर, पवित्र नवरात्रि की शुरुआत के दिन से लागू होने वाले नये सुधारों से देशवासियों को त्योहारों से पहले बड़ी राहत मिलेगी.
उन्होंने जानकारी दी कि कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है. इसके अलावा जूते, मनिहारी, किराना सामान, मोटरसाइकिल, छोटी कारें, दवाइयां, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, कृषि उपकरण, हस्तशिल्प, बांस आधारित उद्योग, टाइल्स, सीमेंट और कई आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में कटौती की गई है. इन सुधारों से आम जनता के जीवन में सहूलियत आएगी, औद्योगिक उत्पादन में तेजी आएगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
रघुवर दास ने कहा कि झारखंड जैसे राज्य के लिए यह निर्णय वरदान साबित होगा. टैक्स में राहत से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. साथ ही रियायतों से टैक्स संग्रहण में भी बढ़ोतरी होगी. उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया और व्यापारियों व नागरिकों से टैक्स सुधारों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. रघुवर दास ने कहा कि यह कदम भारत को अगले 25 वर्षों में विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार देगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
