जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल रघुवर दास के भाई मूलचंद साहू फिर सुर्खियों में हैं. उनपर गुंडागर्दी का आरोप लगा है. घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब जमशेदपुर पूर्वी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके शिव शंकर सिंह के भाई राजेश सिंह बम पर मूलचंद साहू ने हमला किया और जान से मरवा देने की धमकी दी. इस संबंध में राजेश सिंह बम ने सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज कराया है.

राजेश सिंह बम ने बताया कि वे भैया जी घाट पर दुर्गा माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे. वहां उनकी मुलाकात मूलचंद साहू से हुई. शिष्टाचारवश उन्होंने बातचीत करनी चाही, लेकिन इसी दौरान साहू ने अचानक उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि साहू ने अपशब्द कहे और धमकी दी कि “तुम्हारा भाई शिव शंकर सिंह ने मेरे भाई रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ने की हिम्मत की, इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा.”
राजेश सिंह बम का कहना है कि साहू ने जातीय अपमानजनक टिप्पणी भी की और जान से मरवा देने की धमकी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि रघुवर दास के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान भी उनके भाई मूलचंद साहू पर गुंडागर्दी, गाली-गलौज और मारपीट के कई आरोप लग चुके हैं. शहर में इस तरह की घटनाओं की चर्चा पहले भी होती रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
