जमशेदपुर: औद्योगिक नगरी जमशेदपुर के एग्रीको में शनिवार को दिवंगत जन नेता राधे प्रसाद यादव के श्राद्ध कर्म में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी. समर्थकों समेत कोल्हान के दिग्गज नेताओं ने राधे यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की. राजद कार्यालय एग्रीको स्थित उनके आवास पर आयोजित श्राद्ध भोज में दोपहर से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. हिंदू परंपरा के अनुसार श्राद्ध कर्म उनके पुत्र सुनील कुमार, पोता अंश, भाई हीरा प्रसाद यादव, भतीजा श्रीनिवास यादव, शंभू यादव, पप्पू और संजय द्वारा संपन्न किया गया.

राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रभारी पूर्वी सिंहभूम पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि राधे यादव अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके श्राद्ध कर्म में दस हजार लोगों की उपस्थिति ने परिवार को आत्मबल प्रदान किया है. जनता की उपस्थिति यह दर्शाती है कि राधे बाबू के प्रति लोगों का कितना लगाव था. वे हमेशा पथ प्रदर्शक के रूप में याद किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि दिवंगत राधे प्रसाद यादव के अधूरे कार्य और सपनों को पूरा करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं.
कार्यक्रम की देखरेख पुरेंद्र नारायण सिंह सहित श्री राधे यादव फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं द्वारा की गई. राधे यादव के संस्कार भोज में विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सरजू राय, झामुमो नेता राजू गिरी, मोहन कर्मकार, आस्तिक महतो, राकेशेश्वर पांडे, रघुनाथ पांडे, टाटा मोटर्स यूनियन महामंत्री आरके सिंह, शिव शंकर सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज शामिल हुए.
नेताओं ने राधे यादव के योगदान को याद करते हुए उनके पुत्र सुनील कुमार यादव, भाई हीरा प्रसाद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने राधे यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कोल्हान के लिए उनके अद्वितीय योगदान का स्मरण किया. राधे यादव ने अपना जीवन गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित किया था.

