जमशेदपुर: स्टील सिटी जमशेदपुर में एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक पहल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट ने घोषणा की है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी 2026 को प्रस्तावित परिसर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगी.

ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एवं आरएसबी ग्लोबल के वाइस चेयरमैन एस.के. बेहरा ने बताया कि यह परियोजना युवाओं के आध्यात्मिक और समग्र विकास को समर्पित होगी. उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल पूजा स्थल नहीं बल्कि अध्ययन, शोध और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनेगा.
ट्रस्ट की कोर टीम में मनोरंजन दास, अबनीश मिश्रा, पीआर. दास और श्रीधर प्रधान सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं. बड़े स्तर पर सामुदायिक समन्वय, आमंत्रण और व्यवस्थाओं का कार्य जारी है.
परिसर में बनने वाला भव्य श्री जगन्नाथ मंदिर करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में पत्थरों से निर्मित होगा. इसे पारंपरिक मंदिर वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया जाएगा. ट्रस्ट का दावा है कि यह मंदिर झारखंड, बिहार, बंगाल और ओडिशा के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा.
परियोजना की पृष्ठभूमि बताते हुए श्री बेहरा ने कहा कि भूमि आवंटन उस समय हुआ था जब श्रीमती द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल थीं. भूमि अतिक्रमण और कानूनी जटिलताओं जैसी चुनौतियों के बावजूद अब भूमि पूजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है.
कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है. भूमि पूजन के उपरांत राष्ट्रपति सभा को संबोधित करेंगी. आयोजन के दिन भोग वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी. ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति की यात्रा प्रेस सूचना ब्यूरो की अंतिम आधिकारिक पुष्टि के अधीन है.
