जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत गजानन फिरो कंपनी में निर्माणाधीन पावर प्लांट में कार्य के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां चिमनी निर्माण कार्य के दौरान लगभग 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को आनन- फानन में एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान सादिक और इस्तकार के रूप में की गई है. दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट की चिमनी के अंदर सेरेमिक ब्रिक लाइनिंग का कार्य चल रहा था. इसी दौरान तीन मजदूर ब्रिक्स लेकर लिफ्ट के सहारे ऊपर जा रहे थे. अचानक लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के समय एक मजदूर किसी तरह लिफ्ट के तार को पकड़कर लटक गया और उसकी जान बच गई, जबकि सादिक और इस्तकार लिफ्ट से नीचे गिर पड़े. गिरने से दोनों मजदूरों की हालत गंभीर हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद पावर प्लांट परिसर में अफरा- तफरी का माहौल बना हुआ है. वहीं, इस घटना के बाद मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

