जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र के कलिकापुर में बीती रात अज्ञात चोरों ने रिछपाल भकत की दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने दुकान की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दराज में रखे लगभग ढाई लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. सुबह जब दुकानदार रिछपाल भगत दुकान खोलने पहुंचे, तो चोरी की घटना सामने आई.

घटना की सूचना दुकानदार ने दूरभाष के माध्यम से पोटका थाना को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में चोरी की पुष्टि होने पर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और विभिन्न साक्ष्य जुटाए.
पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस ने दावा किया है कि मामले का खुलासा जल्द कर लिया जाएगा.
स्थानीय लोगों के अनुसार रिछपाल भकत की दुकान में यह दूसरी बार चोरी हुई है. पिछली बार चोरों ने छोटी-मोटी वस्तुएं चोरी की थीं, लेकिन इस बार बड़ी नकदी लेकर फरार होने से दुकानदार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.

