जमशेदपुर: बुधवार को पोटका थाना क्षेत्र के सरमंदा गांव स्थित पत्थर खदान में उस वक्त अफरा- तफरी मच गई जब खनन कार्य के दौरान एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान शुभोजित गोप (30) और टुकलू सरदार (28) के रूप में की गई है. दोनों सरमंदा क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं.

आपको बता दें कि मौजा सरमंदा में सुजित कुमार मंडल के नाम से लगभग तीन एकड़ भूमि पर पत्थर खनन का लीज प्राप्त है. बुधवार की सुबह मजदूर रोज की तरह खदान में पत्थर निकालने और हाईवा में लोड करने का काम कर रहे थे. खनन कार्य समाप्त होने के बाद जब हाईवा में बोल्डर लोड कर उसे ले जाया जा रहा था, तभी वाहन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. बताया जा रहा है कि वाहन के ब्रेक फेल हो गए जिसके कारण हाईवा अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़कने लगा.
इसी दौरान शुभोजित गोप जो हाईवा के केबिन में था और टुकलू सरदार जो डाले में मौजूद था, दोनों ने कूदकर जान बचाने की कोशिश की. लेकिन तभी हाईवा पलट गया और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए. मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे के बाद खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया. वहां मौजूद मजदूरों ने तुरंत पोटका थाना को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से शवों को बाहर निकाला गया. मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया.
पोटका थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया है. हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने खदान मालिक और वाहन चालक से पूछताछ की है.
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खदान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. मजदूरों को बिना सेफ्टी उपकरण के खतरनाक परिस्थितियों में काम करना पड़ता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से खदान में सुरक्षा मानकों की जांच कराने और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
