जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको स्थित खाली पड़े क्वार्टर से हत्या की योजना बना रहे दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में बागबेड़ा रेलवे हाई स्कूल, रामनगर निवासी अंकित कुमार शर्मा और मानगो टीचर्स कॉलोनी निवासी विशाल कुमार तिवारी उर्फ राहुल तिवारी शामिल हैं. दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है.

पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया है. डीएसपी भोला प्रसाद (मुख्यालय-1) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बुधवार देर रात एसएसपी को सूचना मिली थी कि एग्रिको के खाली क्वार्टर में कुछ अपराधी छिपे हैं और बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के सत्यापन के बाद सिटी एसपी की निगरानी में उनके नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एग्रिको क्रॉस रोड नंबर-13 स्थित क्वार्टर नंबर H4/19 से अंकित कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पूर्व में डब्लू मिश्रा गिरोह से जुड़ा रहा है और बागबेड़ा के अपराधी पोपो मुंडा से उसकी दुश्मनी थी. उसी की हत्या के लिए उसने पिस्तौल रखी थी और पूरी योजना बना ली थी.
अंकित ने बताया कि हथियार उसे उसके पुराने साथी विशाल कुमार तिवारी उर्फ राहुल तिवारी उर्फ छेछे से मिला था. इसके बाद पुलिस ने विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

