जमशेदपुर: बिरसानगर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया, जो हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था. गिरफ्तार आरोपी का नाम अजय सिंह उर्फ अजय बाल्मिकी उर्फ मोटा, उम्र 29 वर्ष, पिता परवीन कुमार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सरायकेला होटल में काम करता था और वहां से लूट व डकैती की घटनाओं में शामिल रहा.

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी ने 10 नवंबर 2025 को परसुडीह थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कार्यालय में हथियार के बल पर लूट की घटना की थी. लूट में प्राप्त रकम से आरोपी ने मोबाइल खरीदा था. उन्होंने बताया कि अजय सिंह का आपराधिक इतिहास भी लंबा है. वह पहले बागबेडा और बिरसानगर थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमों में सजायाफ्ता रह चुका है. छापामारी टीम ने आरोपी को हुरलुंग क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा. सिटी एसपी ने कहा कि समय रहते कार्रवाई करने से कोई बड़ा हादसा टल गया. एसपी ने जनता से अपील की कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

