जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां सिदगोड़ा थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित आरोपी मोहित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार आरोपी एग्रिको क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि उसका मूल निवास बिहार के औरंगाबाद जिले में है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहित कुमार सिंह इससे पहले मई महीने में आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद वह थाना से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था.
आरोपी के फरार होने के बाद से सिदगोड़ा थाना पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह लंबे समय तक पकड़ से बाहर रहा. इसी दौरान आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी एक गंभीर मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई. इसी मामले में आरोपी द्वारा कोर्ट में अर्जी दाखिल किए जाने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पहले से सतर्क सिदगोड़ा थाना पुलिस ने कोर्ट परिसर में घेराबंदी की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अंततः उसे न्यायालय परिसर से दबोच लिया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

