जमशेदपुर: बकरी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा एक युवक अब खुद को रंगदार के रूप में स्थापित करने का शौक पालने लगा, लेकिन यही शौक उसे सलाखों के पीछे ले गया. मामला जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मंगलवार को पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आई-20 कार से तीन युवक मानगो से डिमना चौक की ओर जा रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने आई-20 कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें पुलिस ने मुंगेर मेड देसी कट्टा, बेस बैट, एक आईफोन समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया.
पूछताछ के दौरान युवकों ने स्वीकार किया कि उनकी योजना क्षेत्र में दहशत फैलाकर लोगों से रंगदारी वसूलने की थी. सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवकों की पहचान मोहम्मद अयाज उर्फ फैजल, मोहम्मद अमान और मोहम्मद अरशद के रूप में हुई है. तीनों मानगो और आजाद नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. इनमें से मोहम्मद अरशद पहले भी बकरी चोरी के मामले में आरोपित रह चुका है. पुलिस के अनुसार अरशद बकरी चोरी करते-करते अपराध की दुनिया में और आगे बढ़ना चाहता था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उनकी मंशा को नाकाम कर दिया. फिलहाल तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.

