जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में 19 नवंबर को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि शिकायतकर्ता के भाई ने ही इस चोरी को अंजाम दिया था. मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पवन कुमार नामक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर और उनके भाई औरंगनाथ के घर से सोने के जेवरात और 90 हजार रुपये की चोरी हुई है.

पुलिस ने जब तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई और भाई औरंगनाथ से कड़ी पूछताछ की, तब पूरी कहानी सामने आ गई. पूछताछ में औरंगनाथ ने स्वीकार किया कि वही इस चोरी का मास्टरमाइंड था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद पर शक न जाए इसलिए अपने घर में भी झूठी चोरी की कहानी गढ़ दी थी, ताकि मामला वास्तविक लगे और पुलिस का ध्यान भटक सके.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी औरंगनाथ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में पारिवारिक विवाद और आर्थिक दबाव अक्सर अपराध की वजह बनते हैं.

