जमशेदपुर/ Afroz Mallik बिष्टुपुर थाना अंतर्गत डायग्नल रोड स्थित पंचभवन में बीते दस जुलाई को हुए लाखों की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में रोहित राव उर्फ रोहित साव उर्फ लल्ला, अमन कुमार उर्फ गोरी, विकास दास उर्फ अंडा उर्फ अंडा बच्चा, आकाश पात्रो उर्फ एजे और रजनीश लाल शामिल हैं.

शनिवार को एसएसपी पीयूष पांडे ने इसकी जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि दिनांक 10 जुलाई 2025 की मध्य रात्रि को अज्ञात चोरों ने एक आवासीय घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने- चांदी के आभूषणों की चोरी की शिकायत मिली थी. चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई. टीम का नेतृत्व सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर ने किया. अनुसंधान में तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर पांचों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अपराधियों से चोरी किए गए चांदी के सिक्के, सोने की टूटी हुई चूड़ियां, नकद ₹31,500 और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि अमन उर्फ राहुल पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं. लल्ला और अंडा बच्चा पर 2- 2 केस दर्ज हैं. रजनीश लाल पर 1 केस दर्ज है. सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

