जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास अवैध हथियार के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. इस मामले की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.


पुलिस के अनुसार बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक बैग बरामद किया गया. गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश गोराई उर्फ छोटू (उम्र करीब 24 वर्ष), पिता भोला गोराई, निवासी मंदिर रोड सोनारी थाना क्षेत्र, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है. वर्तमान में वह मिलन नगर, बी ब्लॉक, बाबू क्लब के पीछे सोनारी क्षेत्र में रह रहा था.
इस मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 19/2026 दिनांक 12 मार्च 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह हथियार लेकर किस उद्देश्य से वहां पहुंचा था. छापेमारी दल में थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, पुलिस अवर निरीक्षक आकाश कुमार पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक सूरज कुमार, सुशील कुमार मिश्रा, सहदेव उरांव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

