जमशेदपुर: आगामी दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण सम्पन्नता को लेकर शनिवार शाम बागबेड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गोपाल कृष्णा ने की. इस दौरान विभिन्न धर्म समुदायों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए.

बैठक में मुख्य रूप से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हुई. विसर्जन रूट पर फैले कचरे और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था पर चिंता जताई गई. साथ ही कई जगहों पर झूलते बिजली के तारों को लेकर सवाल उठे और इन्हें समय रहते दुरुस्त करने की मांग की गई.
सदस्यों ने प्रशासन और बिजली विभाग से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई. विसर्जन के लिए तय समय सीमा का पालन करने पर भी सहमति बनी, ताकि देर रात अव्यवस्था और विवाद की स्थिति न हो.
थाना प्रभारी गोपाल कृष्णा ने अपील की कि सभी समुदाय आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व को सफल बनाएं और प्रशासन को सहयोग दें. उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

