जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना अंतर्गत सरजामदा गुरुद्वारे में बीती रात चोरी की घटना से सिख समुदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त है. चोरों ने गुरुद्वारा के दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 40 से 45 हजार रुपए की चोरी कर ली. चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

प्रधान ने बताया कि गुरुद्वारा के आसपास हो रहे अड्डेबाजी और नशेड़ियों के बढ़ते प्रभाव को लेकर कई बार स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई बावजूद इसके पुलिस ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जिसका नतीजा आज चोरों ने गुरु घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है. उन्होंने बताया कि आज भी चोरी की घटना की सूचना सुबह 5:00 बजे देने के बाद कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस जानकारी लेने नहीं पहुंची जो पुलिस की निष्क्रियता दर्शाती है. मालूम हो कि परसुडीह क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. घर तो घर चोर देव स्थलों को भी अपना निशाना बनाने लगे हैं. वहीं पुलिस एक भी मामले का खुलासा कर पाने में असफल रही है जिससे लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है.

