जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा कुर्मी टोला से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय किशोर अंकित लोहार ने अपने ही घर में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है.

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले अंकित की मां ने मोबाइल फोन लेकर बाहर जाने को लेकर उसे डांट- फटकार लगाई थी. बताया जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर अंकित मानसिक तनाव में चला गया. मां के ड्यूटी पर जाने के बाद घर में अकेले रहने के दौरान उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
कुछ समय बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली, तो आनन- फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने बताया कि अंकित के पिता का करीब छह महीने पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था. इसके बाद से परिवार पहले ही आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रहा था.
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

