जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना क्षेत्र में 5 अगस्त 2025 की शाम हुई गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. विदित हो कि इस घटना में रवि यादव को गोली मारकर घायल किया गया था, जिसके बाद परसुडीह थाना कांड संख्या-102/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही तीन आरोपियों समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु, संजय वर्मा उर्फ संजु वर्मा और विवेक साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी. इस बीच मुख्य आरोपी निहाल तिवारी और रेहान खान ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक कट्टा, मैरून रंग की होंडा डियो स्कूटी (JH05DX-9816) और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.
इसके अतिरिक्त, हथियार उपलब्ध कराने वाले विवेक जी उर्फ विवेक राज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. विवेक राज का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें जुगसलाई थाना क्षेत्र का एक मामला शामिल है.
इस पूरी कार्रवाई में तौकिर आलम, अविनाश कुमार, रितेश कुमार, अरुण कुमार, बीरेन्द्र कुमार सिंह और संदीप कुमार सिंह सहित पुलिस की विशेष टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

