जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर इलाके की सड़कें आज जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार विभागों की लापरवाही की जीती- जागती तस्वीर बन चुकी हैं. रोड संख्या 1 से रोड संख्या 2 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले कई महीनों से बदहाली का दंश झेल रही है, लेकिन अब तक इसकी सुध नहीं ली गई है.

स्थानीय लोगों के अनुसार सरकारी जलापूर्ति की पाइपलाइन कई स्थानों पर टूट चुकी है, जिससे लगातार पानी सड़क पर बह रहा है. नतीजतन सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और जगह- जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें हमेशा पानी भरा रहता है. यह सड़क अब आवागमन का साधन कम और दुर्घटनाओं का जाल अधिक बन चुकी है.
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं, जिनमें मस्जिद में नमाज अदा करने जाने वाले श्रद्धालु, राम मंदिर आने वाले भक्त, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं. लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस सड़क से आने- जाने को मजबूर हैं. घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह की बदहाली कई गंभीर सवाल खड़े करती है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहे हैं.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद न तो टूटी पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई और न ही सड़क की हालत सुधारी गई. हर दिन सरकारी पानी का इस तरह बहना और सड़क का लगातार टूटना विकास के दावों पर भी सवाल खड़े करता है. क्षेत्र में बढ़ते जनआक्रोश के बीच अब सीधे तौर पर जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं. लोगों की स्पष्ट मांग है कि अविलंब जलापूर्ति की टूटी पाइपलाइन को दुरुस्त किया जाए और क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके.

