जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह के मखदुमपुर रेलवे फाटक के पास वर्षों से सड़क जर्जर हालत में है. वहीं यहां से गुजरने वाला नाला भी खुले में बह रहा है. इस कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गंदे पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोज दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

वर्षा के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है. गंदगी और जलजमाव से संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है. स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्या को लेकर संबंधित विभागों को जानकारी दी थी. कल साउथ ईस्टर्न रेलवे की ओर से कुछ जगहों पर पेवर ब्लॉक लगाकर मरम्मत की गई. आज क्षेत्र में कुछ जर्जर हिस्सों पर छाई (मुरूम) डाला गया जिससे थोड़ी राहत की उम्मीद है. हालांकि यह केवल अस्थायी समाधान है. स्थानीय समाजसेवी अभीषेक सिंह ने मांग की है कि जर्जर सड़क की शीघ्र पक्की मरम्मत कराई जाए. खुले नाले की मरम्मत और ढंकने की व्यवस्था की जाए. जल निकासी के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए और नियमित सफाई अभियान चलाया जाए. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि समस्या का स्थायी समाधान कर नागरिकों को राहत दी जाए.

