जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के झोलागौड़ा के लटकूगोड़ा इलाके में अवैध शराब बिक्री के विरोध में खड़े होना एक परिवार को भारी पड़ गया. अवैध शराब का विरोध करने पहुंचे टिंकू, श्याम, उसकी पत्नी और मां पर शराब माफिया के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि शराब माफिया ने पहले से ही 10 से 15 युवकों को बुलाकर रखा था. जैसे ही टिंकू और श्याम अपने परिवार के साथ अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पहुंचे, आरोपियों ने लाठी- डंडा और धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में टिंकू, श्याम की पत्नी और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुमकागोड़ा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री लंबे समय से चल रही है. इससे पहले भी शराब माफिया द्वारा इलाके के लोगों के साथ कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं. घायल महिला ने आरोप लगाया कि अवैध शराब की शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. पीड़िता ने यहां तक आरोप लगाया कि पुलिस शराब माफिया के साथ मिलीभगत कर अवैध धंधे से पैसा कमाने में लगी है. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

