जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा के कुर्मी टोला स्थित आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल परिसर में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सुबह टहलने निकले कुछ स्थानीय लोगों ने शव को लावारिस स्थिति में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मृतक की पहचान कुर्मी टोला निवासी नितेश रजक (22 वर्ष) के रूप में की गई है.

सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र में हो रही अड्डेबाजी और नशेड़ी तत्वों की गतिविधियों पर नाराजगी जताई और पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग की. इधर, मृतक के पिता राजू रजक ने बताया कि छह माह पहले नितेश ने अपनी दादी के जेवर चुरा लिए थे, जिसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया था. वह इधर-उधर रहकर जीवन बिता रहा था. पिता ने बताया कि नितेश के पास एक स्प्लेंडर बाइक थी, जो घटना के बाद से गायब है. हालांकि, शव के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिससे हत्या की गुत्थी सुलझने की संभावना जताई जा रही है.
स्थानीय मुखिया ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर कई बार पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

