जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोराडीह कैनाल ब्रिज के पास शुक्रवार को आटा से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में पलट गई. हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

जानकारी के अनुसार पिकअप वैन धालभूमगढ़ से आटा लेकर परसुडीह स्थित बाजार समिति जा रही थी. वाहन में चालक के साथ दो मजदूर भी सवार थे. बताया जा रहा है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण चढ़ाई के दौरान वाहन आगे नहीं बढ़ सका और अनियंत्रित होकर नीचे पलट गया.
स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक और दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना की सूचना मिलते ही वाहन मालिक कृष्ण कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि दूसरी गाड़ी मंगवाकर आटा को सुरक्षित रूप से गंतव्य तक भेज दिया गया है. फिलहाल क्षतिग्रस्त पिकअप वैन को बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है.
घटना के बाद क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.
