जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को टाउन हॉल, सिदगोडा में पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का उद्देश्य पंचायत स्तर पर सतत विकास लक्ष्यों (SDG) को और प्रभावी तथा जवाबदेह बनाना था.

कार्यशाला में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज, कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद रजनीकांत मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए.
कार्यशाला के दौरान PAI से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया गया और पंचायतों की रैंकिंग, प्रदर्शन तथा कमजोर क्षेत्रों की पहचान पर चर्चा हुई. साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को अधिक प्रभावी बनाने और पंचायतों को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उपाय सुझाए गए.
उप विकास आयुक्त ने कहा कि पंचायती राज अब विकास का केंद्र बिंदु बन रहा है. सरकारी योजनाओं को धरातल पर लागू कर ही अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक लाभ पहुंचाया जा सकता है. उन्होंने सभी प्रखंडों को अपने स्तर से एक पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम में बताया गया कि पंचायत उन्नति सूचकांक को नौ प्रमुख विषयों पर आधारित कर तैयार किया गया है—गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, बाल हितैषी पंचायत, जल संरक्षण, स्वच्छता और हरित विकास, आत्मनिर्भर पंचायत, सामाजिक न्याय और सुरक्षा, सुशासन तथा महिला सशक्तिकरण. पंचायतों को इनके आधार पर पांच श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाता है—अचीवर, फ्रंट रनर, परफॉर्मर, आकांक्षी और बिगिनर. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अपने संदेश में कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के लिए पहली बार जारी PAI रिपोर्ट ने साक्ष्य-आधारित ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित किया है. उन्होंने जिले की कई पंचायतों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए अन्य पंचायतों को उनसे प्रेरणा लेने की अपील की.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
