जमशेदपुर: पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. जहां पुलिस ने घूम- घूम कर ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.

इस संबंध में सिटी एसपी जमशेदपुर कुमार शिवाशीष ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उलीडीह ओपी क्षेत्र में कुछ युवक टेम्पो के माध्यम से ब्राउन शुगर बेच रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया और कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को धर दबोचा.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुशांत साव, अंशु कुमार और जॉब के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार जॉब पटना का रहने वाला है और वह जमशेदपुर शहर में पंकज साव के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की बिक्री करता था.
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के पास से कुल 10 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की है. सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्त लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त थे.
फिलहाल पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

