जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और शैक्षणिक सलाहकार, ओडिशा, प्रो. डॉ. शुक्ला मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे.

1700 छात्रों को दी जाएगी डिग्री
इस वर्ष विभिन्न संकायों से लगभग 1700 छात्रों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर डिग्रियाँ प्रदान की जाएँगी. साथ ही, 120 मेधावी छात्रों को स्वर्ण और रजत पदक देकर सम्मानित किया जाएगा. समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और कुलपति अपने उद्बोधन के माध्यम से छात्रों को जीवन मूल्य, सामाजिक दायित्व और उत्कृष्टता की भावना के प्रति प्रेरित करेंगे. केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह भी छात्रों को संबोधित करेंगे और उन्हें जीवन के अगले चरण के लिए प्रेरित करेंगे. नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने बताया कि समारोह को सफल और स्मरणीय बनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और सुरक्षा, प्रबंधन व आयोजन के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

