जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया. इस भव्य समारोह में विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति मदन मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई. इसके उपरांत विश्वविद्यालय की सुरक्षा इकाई में शामिल झारखंड होम गार्ड स्क्वाड के जवानों ने पारंपरिक अंदाज में तिरंगे को सलामी दी.
एनएसपीएस पोखारी के बैंड दल द्वारा प्रस्तुत बैंड वादन ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत- प्रोत कर दिया. गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. इन प्रस्तुतियों में भारत की विविध संस्कृति, एकता और राष्ट्रप्रेम की झलक देखने को मिली. दर्शकों और अतिथियों ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना की.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार की एकजुटता और राष्ट्रीय भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई.
समारोह को संबोधित करते हुए कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ- साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है. युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और शिक्षण संस्थान जिम्मेदार व अनुशासित नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
वहीं कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी लोकतांत्रिक राष्ट्र की मजबूत नींव है. उन्होंने अकादमिक उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई.
कार्यक्रम को कुलसचिव नागेंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिष्ठाता नाजिम खान, शैक्षणिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, मुख्य वित्त अधिकारी वाई. ज्योति, एनएसपीएस राखामाइंस की प्राध्यापिका वाई. माँगा लक्ष्मी और मुख्य मार्केटिंग अधिकारी तनवीर आलम ने भी संबोधित किया. समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में गर्व और देशभक्ति की भावना व्याप्त हो गई.

