जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से किया, जिसमें छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

कार्यक्रम की शुरुआत साईं वंदना और राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद सरस्वती वंदना पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया. इस अवसर पर विश्वविद्यालय की रिसर्च स्कॉलर और झारखंड की पहली महिला इंटरनेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग स्वर्ण पदक विजेता स्नेहा कुमारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया और कहा, “जहां चाह है, वहां राह है.”
कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में सोलो सिंगिंग, ग्रुप डांस, स्कीट, मोनो एक्ट, फायरलेस कुकिंग, मेंहदी डिज़ाइन और पोस्टर मेकिंग जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. इस अवसर पर कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने स्नेहा कुमारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने पर ₹40,000 की सम्मान राशि प्रदान की.
स्नेहा कुमारी ने हाल ही में थाईलैंड के पटाया में आयोजित 12वीं इंटरनेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एंड इंक्लाइंड बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2025 में 52 किलोग्राम कैटेगरी में 162.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता है. उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय गर्वित है. कुलाधिपति ने कहा कि नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऐसे प्रतिभावान छात्र- छात्राओं को हमेशा प्रोत्साहित करता रहा है और करता रहेगा.

