जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर XII 2025’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ. समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, साथ ही ग्रुप डांस, क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताओं के फाइनल भी संपन्न हुए.

समापन के दौरान शहर के विभिन्न बैंड्स ने ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ में शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसमें दर्शक झूम उठे. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह, विभागाध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे.

कुलपति ने कहा कि इस महोत्सव ने छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया. कुलसचिव ने इसे जमशेदपुर के लिए एक बड़ा सांस्कृतिक उत्सव बताया.
कार्यक्रम के प्रायोजक और सहयोगी संस्थानों में करियर लॉन्चर, आर्डेंट कंप्यूटेक, डाटामेज़ सॉल्यूशंस, वेंचरिंग डिजिटली, पिज़्ज़ा हट और ऑगमिनटेक एजुकेशन शामिल रहे.
पुरस्कार सूची में आर वी एस कॉलेज को ऑवरऑल विजेता और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय को ऑवरऑल उपविजेता घोषित किया गया. बैटल ऑफ बैंड्स का विजेता ऐश बॉर्न रहा. क्रिकेट में एपीजे अब्दुल कलाम हाई स्कूल विजेता और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय उपविजेता रहा. 30 से अधिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया.

