जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में गुरुवार को 12वें वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव “एक्सप्लोर 2025” का भव्य शुभारंभ किया गया. विद्यार्थियों के उत्साह और बढ़ती सहभागिता को देखते हुए इस वर्ष एक्सप्लोर का आयोजन तीन दिवसीय रूप में किया जा रहा है, जो 18 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक चलेगा.

कार्यक्रम की शुरुआत एक ऊर्जावान फ्लैश मॉब से हुई, जिसने पूरे परिसर में रोमांच का माहौल बना दिया. इसके बाद पीईएफआई, पूर्वी सिंहभूम की टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा.
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. विशिष्ट अतिथियों में कुलपति प्रो. डॉ. पीके. पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य शामिल रहे. अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसके बाद छात्राओं ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी.
इस अवसर पर कुलाधिपति मदनमोहन सिंह ने कहा कि “एक्सप्लोर- 2025” केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार और आत्मविश्वास को बढ़ाने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने छात्रों से शिक्षा के साथ- साथ कला और सांस्कृतिक कौशल विकसित करने का आह्वान किया.
इस वर्ष एक्सप्लोर 2025 में रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी देखने को मिली है. 8000 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. जिले के कई प्रतिष्ठित स्कूलों और कॉलेजों के छात्र- छात्राओं ने ग्रुप डांस, हैश कोड, क्यू फिएस्टा और बी फिएस्टा जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रबंधन ने बताया कि पहले दिन की गतिविधियों से स्पष्ट है कि “एक्सप्लोर- 2025” के आगामी दिन भी रोमांच और उत्साह से भरपूर रहने वाले हैं.

