जमशेदपुर: नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल और मदन मोहन पब्लिक स्कूल का चौथा वार्षिक महोत्सव “फेस्टिवा” का पहला दिन राजेंद्र विद्यालय के सभागार में सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की तीन शाखाएं किताडीह, परसुडीह और बिरसानगर तथा मदन मोहन पब्लिक स्कूल आदित्यपुर के लगभग 1500 छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

इसमें अभिभावकों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया.
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नेताजी संस्था समूह के प्रधान एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, प्रबंध निदेशक नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल श्रीमती विभा सिंह तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इसके बाद विद्यार्थियों ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की सांस्कृतिक शुरुआत की. सांस्कृतिक, क्षेत्रीय, बॉलीवुड और देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया. छात्रों ने लघु नाटकों के माध्यम से वृद्धाश्रम की वास्तविकता और महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से मंचित किया. दादा-दादी और नाना-नानी के सम्मान में प्रस्तुत नृत्य ने सभागार में उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया.
चारों शाखाओं में अकादमिक और उपस्थिति में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों एवं बड़े बुजुर्गों को मंच पर आमंत्रित कर पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया. इस पहल को अभिभावकों ने सराहनीय और प्रेरणादायक बताया.

इस वर्ष से “उड़ान” नामक नए पुरस्कार की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है. “उड़ान” के पहले वर्ष में मदन मोहन पब्लिक स्कूल आदित्यपुर को सात, परसुडीह शाखा को तीन और बिरसानगर शाखा को दो पदक प्राप्त हुए. नर्सरी से कक्षा पांच तक की पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.

वार्षिक महोत्सव “फेस्टिवा” का दूसरा दिन 3 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें पोखारी, बारीडीह, कदमा और गोविंदपुर शाखाओं के छात्र अपनी प्रस्तुतियां देंगे.

