जमशेदपुर: बहरागोड़ा- बारिपदा मुख्य मार्ग पर जामशोला के निकट स्थित जिओ पेट्रोल पंप के समीप एक प्रोपलीन गैस से लदे टैंकर में रिसाव की सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सुरक्षा के दृष्टि से क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और संबंधित मार्ग पर वाहन आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है.

उपायुक्त ने आम नागरिकों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि स्थिति पर प्रशासन की पूरी निगरानी है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. विशेषज्ञों की निगरानी में रिसाव को नियंत्रित करने का कार्य जारी है.
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे प्रशासन के दिशा- निर्देशों का पालन करें, घबराएं नहीं और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें. सावधानी के तौर पर आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को जानकारी प्रेषित की जा रही है.

