जमशेदपुर: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (कोल्हान) विजय आनंद मूनका ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट के शीघ्र निर्माण की मांग की है. उन्होंने आग्रह किया है कि इस एयरपोर्ट का नामकरण “दिशोम गुरू शिबू सोरेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट” किया जाए. उनके अनुसार यह झारखंड और कोल्हानवासियों की ओर से दिशोम गुरू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

विजय आनंद मूनका ने कहा कि जमशेदपुर की स्थापना को 100 वर्ष से अधिक हो चुके हैं. यह शहर देशभर में स्टील सिटी के नाम से प्रसिद्ध है और झारखंड की आर्थिक राजधानी तथा एक प्रमुख औद्योगिक नगरी भी है. इसके बावजूद अब तक यहां एयरपोर्ट का निर्माण नहीं हो सका है.
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में हजारों बड़े, मध्यम और लघु उद्योग संचालित हैं. हवाई अड्डे के अभाव में लोगों को हवाई यात्रा के लिए रांची या कोलकाता जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है. छात्र-छात्राओं, मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
एयरपोर्ट की अनुपलब्धता के कारण जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र का विकास भी प्रभावित हो रहा है. यदि यहां एयरपोर्ट स्थापित होता है तो नए निवेश के रास्ते खुलेंगे और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा.
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट का शिलान्यास वर्ष 2018-19 में हुआ था, लेकिन इसके बाद कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई है. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के सक्रिय हस्तक्षेप से इस परियोजना को नई गति मिल सकती है और यह झारखंड के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
