जमशेदपुर: राज्य सरकार एवं पंचायती राज विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार पंचायतों के वित्तीय सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 28 और 29 नवम्बर 2025 को जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC) जमशेदपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिले के सभी 11 प्रखंडों के पंचायती राज से संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया.

प्रशिक्षण का मुख्य फोकस ग्राम पंचायतों को स्वयं के राजस्व स्रोत (Own Source Revenue – OSR) की समझ विकसित कर वित्तीय आत्मनिर्भरता की दिशा में सक्षम बनाना रहा. राज्य स्तरीय प्रशिक्षक अजय कुमार मिश्र और सुशांत कुमार ढोके ने प्रतिभागियों को तकनीकी, प्रबंधन एवं व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया. सत्रों में OSR की पहचान और वर्गीकरण, पंचायत स्तर पर व्यवहार्य कार्ययोजना निर्माण, कर भुगतान के प्रति ग्रामीणों में सकारात्मक दृष्टिकोण तैयार करने की रणनीतियां, PPP मॉडल व CSR फंड जैसे नए वित्तीय विकल्प, तथा राजस्व पूर्वानुमान एवं योजना निर्माण की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया.
प्रशिक्षकों ने समूह कार्य, केस स्टडी और चर्चा सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया. उदाहरणों के माध्यम से यह बताया गया कि संपत्ति कर, बाजार शुल्क, जल उपयोग शुल्क व संपत्ति उपयोग शुल्क जैसे स्रोतों से स्थायी और पारदर्शी राजस्व सृजन कैसे संभव है. साथ ही प्रतिभागियों को विभागीय नीतियों व ऑनलाइन टूल्स के उपयोग से भी अवगत कराया गया.
समापन सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से मिली सीख साझा की. कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुमारी और डीपीएम राजू झा द्वारा किया गया. दोनों अधिकारियों ने मुखिया और सचिवों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में मिले ज्ञान को जमीन पर उतारते हुए पंचायत क्षेत्र में एक पारदर्शी, उत्तरदायी और सतत राजस्व प्रणाली विकसित करें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
