जमशेदपुर: राज्य सरकार के दिशा- निर्देश के आलोक में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार 21 नवंबर 2025 से पूर्वी सिंहभूम जिले में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है. पहले दिन जिले की 11 पंचायतों और तीन नगरीय निकाय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए त्वरित सेवा उपलब्ध कराना है.

शिविरों में आमजन की समस्याओं का समाधान, विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्राप्ति और ऑन- द- स्पॉट लाभ वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी. सभी योजनाओं से जुड़े आवेदन शिविर स्थल पर ही लिए जाएंगे और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. प्राप्त सभी आवेदनों और लाभ वितरण की जानकारी अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपडेट की जाएगी. जिन योजनाओं में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे, उनके लिए प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी और पात्रता के आधार पर लाभ दिया जाएगा.
राज्य सरकार जिन योजनाओं को सैचुरेशन मोड में लागू कर रही है, उन योजनाओं के लिए छूट गए योग्य लाभुकों से भी आवेदन लिए जाएंगे. इसमें मुख्य रूप से सभी प्रकार की पेंशन योजनाएं, आयुष्मान भारत कार्ड से संबंधित आवेदन और ऑन- द- स्पॉट कार्ड वितरण शामिल हैं.
प्रत्येक शिविर में ‘कल्याण मंच’ स्थापित किया जाएगा, जिसके माध्यम से स्कूली बच्चों के अवितरित जाति प्रमाण पत्रों का लैमिनेशन कर वितरण, SHG सदस्यों को ID कार्ड वितरण, धोती- साड़ी- लुंगी वितरण, कंबल वितरण और अन्य परिसंपत्तियों का तत्काल वितरण किया जाएगा. साथ ही शिविर में प्राप्त शिकायतों का पोर्टल पर पंजीकरण कर तत्काल निवारण किया जाएगा. समाधान का प्रमाण और आवेदक की तस्वीर भी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी.
शिविर के दौरान बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, वन पट्टा वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण समेत कई लोक- कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा. हर योजना के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि लाभुकों को पारदर्शी और सुगम सेवा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके.
उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी लंबित समस्याओं का समाधान शिविर में ही कराएं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
