जमशेदपुर: शहर में आयोजित चतुर्थ बाल मेला में बुधवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने शिरकत की और बच्चों की बदलती जीवनशैली पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आज के बच्चे मोबाइल की दुनिया में कैद होकर रह गए हैं. उन्हें समाज से जोड़ने की बड़ी चुनौती सामने है. राज्यपाल बाल मेला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे.

राज्यपाल ने कहा कि बाल मेला जैसे आयोजन में आना सुखद अनुभव है. यह आयोजन बचपन की मासूमियत और भविष्य की दिशा दोनों को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि झारखंड में कुपोषण एक बड़ी समस्या है और इसे दूर करने के लिए तीव्र प्रयास जरूरी हैं. बच्चों के पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और अवसरों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनजातीय संस्कृति इस बात का संदेश देती है कि बच्चा केवल परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समुदाय का होता है. बच्चों की प्रतिभा देखकर स्पष्ट है कि वे प्रकृति से बेहद प्रेम करते हैं और यही हमारी वास्तविक पूंजी है. राज्यपाल ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को सपने देखने, आगे बढ़ने और पढ़ाई में प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर माहौल दें.
राज्यपाल ने विधायक सरयू राय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि 2022 में शुरू हुआ यह बाल मेला आज बच्चों के अधिकार, पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता का मजबूत मंच बन चुका है. इस वर्ष विश्व बाल दिवस का विषय “प्यार से पालन-पोषण–विश्व का नेतृत्व” बच्चों के लिए संवेदनशील और सुरक्षित वातावरण की आवश्यकता को रेखांकित करता है.
कार्यक्रम में राज्यपाल ने 40 पन्नों वाली बहुरंगी स्मारिका का विमोचन किया. इससे पहले उन्हें पोट्रैट और बाल मेला से संबंधित चित्र भेंट किए गए.
वहीं विधायक सरयू राय ने कहा कि बाल मेला की शुरुआत लॉकडाउन के बाद बच्चों के मनोवैज्ञानिक असर को दूर करने के उद्देश्य से की गई थी. उन्होंने बताया कि इस वर्ष 18 प्रतियोगिताओं में अब तक 4200 बच्चों ने हिस्सा लिया है. अगले वर्ष बाल मेला को बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि पूरे झारखंड की सहभागिता सुनिश्चित हो सके.
कार्यक्रम की शुरुआत बैंड वादन, दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई. राज्यपाल का अंगवस्त्र, पौधा और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया. विभिन्न अतिथियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन मेला संयोजक मनोज कुमार सिंह ने किया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
