जमशेदपुर/ Afroz Mallik गुरुवार को मानगो छोटा पुल से स्वर्णरेखा नदी में कूदी युवती का शव बिरसानगर के लुपुंडीह नदी किनारे बरामद किया गया. मृतका की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के गौसनगर निवासी 19 वर्षीय नाजिया परवीन के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि नाजिया को बचपन में एक अन्य परिवार ने गोद लिया था.

गोद लिए पिता मोहम्मद हसीन उर्फ पत्ता राजू ने बताया कि वर्ष 2006 में जब नाजिया करीब दो वर्ष की थी, तब सुनसान जगह से उसे पाया गया था. परिवार ने उसे पाला- पोसा और उसकी शादी भी की, लेकिन बाद में तलाक हो गया. इसके बाद वह दिल्ली, मुंबई समेत कई जगहों पर रही. फिलहाल वह यहीं रह रही थी. परिजनों का कहना है कि उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था. हालांकि मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि यह हत्या है या आत्महत्या. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.

