जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में बुधवार क़ो उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति यानी NCORD की बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, डीएसपी भोला प्रसाद, ड्रग्स इंस्पेक्टर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई और जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और सेवन रोकने के लिए चल रहे अभियानों पर विस्तृत चर्चा हुई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के 100 मीटर परिधि में नशे से संबंधित किसी भी वस्तु की बिक्री बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. उन्होंने स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने, बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और ठेला- गुमटी पर सिगरेट तथा अन्य नशे की वस्तुओं की बिक्री रोकने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा.
उपायुक्त ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो और युवाओं को इसके नुकसान से बचाने के लिए निरंतर अभियान जारी रखा जाए. बैठक में स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया ताकि छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके.
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इंटेलिजेंस को मजबूत किया जाए और ड्रग्स कारोबारियों पर केवल औपचारिक कार्रवाई न करते हुए पूरे नेटवर्क को खंगाला जाए. उन्होंने कहा कि पेडलर के पूरे चेन की जांच कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बैठक में पुलिस, उत्पाद विभाग, ड्रग्स इंस्पेक्टर और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों और युवाओं को नशे के नुकसान और संबंधित कानूनों की जानकारी देने पर जोर दिया गया. साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर जरूर दें. बैठक में जिले के वरीय अधिकारियों के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
