जमशेदपुर: मुसाबनी प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (BRC) में चल रहे शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को गुरुवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संबोधित किया. क्षेत्र निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीआरसी को शिक्षा व्यवस्था की बुनियादी संरचना का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की शुरुआत प्रशिक्षित, सजग और नवाचारपूर्ण शिक्षकों से होती है.

उपायुक्त ने कहा कि बीआरसी न केवल प्रशासनिक इकाई है, बल्कि यह विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति, शिक्षक क्षमता-विकास और सतत मॉनिटरिंग का केंद्र भी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि हर शिक्षक में अद्यतन विषय-ज्ञान, नवाचार-आधारित शिक्षण और सतत सुधार की प्रवृत्ति विकसित करना आवश्यक है. कक्षा-कक्ष शिक्षण में नवीन पद्धतियों का समावेशन, विशेषकर फाउंडेशनल लर्निंग, न्यूमेरसी, लर्निंग आउटकम आधारित शिक्षण और गतिविधि-आधारित शिक्षा को प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए.
उपायुक्त ने बीआरसी टीम और मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण केवल सत्र आयोजित करने तक सीमित न रहे, बल्कि इसका असर कक्षा-कक्ष में बच्चों के सीखने के स्तर पर दिखना चाहिए. शिक्षकों को प्रशिक्षण के बाद निरंतर मार्गदर्शन और सहायता सुनिश्चित की जाए. कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों की पहचान कर त्वरित सुधार योजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया.
उपायुक्त ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के पहले प्रेरक, पहले मार्गदर्शक और भविष्य निर्माण की मूल कड़ी हैं. जिले में शिक्षा गुणवत्ता तभी सुधार सकती है जब शिक्षक स्वयं को लगातार अद्यतन करें और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सीखने के समान अवसर सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सीखने का वातावरण बेहतर बनाना और बच्चों तक शिक्षा का समान वितरण प्राथमिकता होनी चाहिए.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
