जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा के पास एनएच पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकाकर्मी प्रताप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके तीन सहकर्मियों जसकरण सिंह, विशाल और अर्षप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के भांजा के बयान पर तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार प्रताप सिंह सड़क चौड़ीकरण कार्य में अपने रिश्तेदारों और भाइयों के साथ काम करता था. शनिवार को मजदूर क्रेन की मदद से लोहे की प्लेटें लगाने का काम कर रहे थे. साइट फोरमैन रंजीत सिंह रंधावा ने बताया कि उन्हें फोन पर जानकारी मिली थी कि एक प्लेट लग चुकी है और दूसरी लगाने की तैयारी चल रही है. उन्होंने सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी थी. कुछ देर बाद दोबारा फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं हुआ, फिर कॉल बैक आया और बताया गया कि प्रताप सिंह के साथ मारपीट हुई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है.
गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह को एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में रख दिया गया है. प्रताप सिंह पंजाब का रहने वाला था. उसके परिजन मंगलवार तक जमशेदपुर पहुंचेंगे, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल के निरीक्षण और मजदूरों के बयान के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
