जमशेदपुर: नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ती दिखी.

मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 5 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 57 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र की खरीद की.
महापौर पद के लिए नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में शाबाना बानो, नीलम देवी, पार्वती देवी, लक्की सिंह एवं संध्या सिंह शामिल हैं. वहीं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 1 अभ्यर्थी ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 18 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र लिया. अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने वाली अभ्यर्थी आरती चौधरी हैं.
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए किसी भी अभ्यर्थी ने नाम निर्देशन प्रपत्र नहीं खरीदा. हालांकि वार्ड सदस्य पद के लिए 5 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र की खरीद की है.
अब तक की स्थिति पर नजर डालें तो मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 17 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र खरीदा है. वहीं 36 वार्डों के लिए अब तक 297 अभ्यर्थी नामांकन पत्र खरीद चुके हैं. जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 13 और 22 वार्डों के लिए 98 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र लिया है. चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 4 तथा 12 वार्डों के लिए 36 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन प्रपत्रों की खरीद की जा चुकी है.
तीसरे दिन नामांकन दाखिल करने वालों में मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 2 से मोबीन खान, वार्ड संख्या 10 से आकाश कुमार ताती तथा चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 से तान्या असगर शामिल हैं. इन तीनों अभ्यर्थियों ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल किया. नामांकन प्रक्रिया को लेकर विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी लगातार तेज हो रही है.

