जमशेदपुर: नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन विभिन्न नगर निकायों में अभ्यर्थियों की सक्रियता तेज रही. मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 6 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 92 अभ्यर्थियों ने पर्चा लिया. वहीं महापौर पद के लिए नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में वनिता सहाय, सुधा गुप्ता, चिंता शर्मा, ज्योति सिंह, चंचल शर्मा एवं इंदिरा सुंडी शामिल हैं.


जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 6 अभ्यर्थियों तथा वार्ड सदस्य पद हेतु 33 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा. अध्यक्ष पद के लिए पर्चा लेने वालों में इंदु देवी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, रूकसाना तबसुम, नूतन सिंह एवं सुरैया परवीन शामिल हैं.
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद हेतु 1 अभ्यर्थी चंदना मुर्मू ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 9 अभ्यर्थियों ने पर्चा लिया.
अब तक की कुल स्थिति पर नजर डालें तो मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए 12 तथा 36 वार्डों के लिए 240 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा है. जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 12 तथा 22 वार्डों के लिए 80 अभ्यर्थियों ने पर्चा लिया है. वहीं चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु 4 तथा 12 वार्डों के लिए 31 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे गए हैं. हालांकि अब तक किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया है.

