जमशेदपुर: एमजीएम पुलिस ने क्षेत्र में बुधवार को एक संगठित वाहन चोरी रैकेट का पर्दाफाश किया है. एनएच-33 स्थित बजरंग पार्किंग के समीप संचालित एक गैरेज में छापेमारी कर दो संदिग्ध हाईवा जब्त किए गए.

थाना प्रभारी सचिन दास के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुड्डन नामक व्यक्ति अपने गैरेज में चोरी की हाईवा को नया रूप देकर उनकी पहचान बदल देता है. वाहनों का रंग- रोगन कर उन्हें नया जैसा बनाया जाता था और इंजन व चेचिस नंबर में छेड़छाड़ कर फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे. इसके बाद वाहनों को बाजार में बेचने की तैयारी की जाती थी.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैरेज पर दबिश दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग फरार हो गए. तलाशी के दौरान दो हाईवा बरामद किए गए, जिनमें नंबर बदलने का काम चल रहा था. जब्त वाहनों से मिले दस्तावेज प्रारंभिक जांच में जाली पाए गए.
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

