जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के धरमबांधा नाले में युवती की लाश मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. मृतका की पहचान शंकोसाई रोड नंबर 5 उलीडीह निवासी सोनिया उर्फ चिंगड़ी सरदार के रूप में हुई है. पुलिस ने सोनिया के पति जयराम मुर्मू को गिरफ्तार किया है.

थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने बताया कि 14 जुलाई की सुबह 9.30 बजे युवती का शव नाले से बरामद हुआ था. जांच में पता चला कि जयराम और सोनिया के बीच 12 साल से संबंध था और दोनों ने शादी कर ली थी. लेकिन जयराम को पत्नी पर शक था कि वह किसी अन्य युवक से बात करती है. पुलिस पूछताछ में जयराम ने बताया कि 13 जुलाई की रात उसने सोनिया का पीछा किया. ओलीडीह बुधवा चौक पर झगड़े के बाद उसने सोनिया और उसकी दो सहेलियों को बहला- फुसलाकर खिखड़ीगुट्टू के एक सुनसान मकान में ले गया. वहां खाना खिलाने के बाद रात में सोनिया को बाहर ले जाकर पहले ब्लेड से उसका गला रेता और फिर दावली से वार कर हत्या कर दी. बाद में शव को रस्सी से बांधकर बोरे में भर साइकिल से नाले में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ब्लेड, दावली, रस्सी, साइकिल, मोबाइल और हत्या के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं. इस मामले में मृतका की बहन रोमानी सिंह सरदार के बयान पर एमजीएम थाना में बीएनएस की धारा 103(1), 238 के तहत मामला दर्ज किया गया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया.

