जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के सत्र 2026- 28 का आम चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. मतगणना के बाद निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने एक बार फिर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर ली. चुनाव में कुल 1148 मत पड़े, जिसमें मुकेश मित्तल को सर्वाधिक 413 मत प्राप्त हुए.

उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेश शर्मा को 367 मत मिले, जबकि तीसरे प्रत्याशी विवेक चौधरी को 365 मतों से संतोष करना पड़ा. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया और मुकेश मित्तल की टीम ने उनका जोरदार स्वागत किया.
जीत के बाद मुकेश मित्तल ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है. उन्होंने कहा कि समाज ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है और वे इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे. उन्होंने समाज के विकास, एकता और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
चुनाव परिणाम के बाद मारवाड़ी समाज में खुशी का माहौल है और लोगों को आगामी सत्र में संगठन से नई उम्मीदें जुड़ गई हैं.

