जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह विजय गार्डन की रहने वाली विवाहित महिला प्रियंका कुमारी ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया और प्रियंका के देवर पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि मृतका का देवर अमन ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दो दिन पहले ही यहां आया था. उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी प्रताड़ना से तंग आकर प्रियंका ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया.
बताया जाता है कि प्रियंका के दो छोटे- छोटे बच्चे हैं. वर्ष 2017 में उसकी शादी विजय गार्डन निवासी प्रशांत कुमार के साथ हुई थी, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं. घटना के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

