जमशेदपुर/ Afroz Mallik रविवार को कोलकाता में आयोजित प्रतिष्ठित वर्ल्ड 25K कोलकाता मैराथन में जमशेदपुर रनजीनियर्स ग्रुप के धावकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया. इस मैराथन में ग्रुप के कुल 17 धावकों ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया.

25 किलोमीटर दौड़ में अरूपानंद महतो का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा. उन्होंने 25 किलोमीटर की दूरी मात्र 01 घंटा 55 मिनट 35 सेकेंड में पूरी की. वहीं धर्मेन्द्र उर्फ दिकू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यह दूरी 02 घंटा 01 मिनट 56 सेकेंड में तय की. मनीष चैंपियन ने 25 किलोमीटर की दौड़ 02 घंटा 36 मिनट 25 सेकेंड में पूरी की.
इसके अलावा इम्तियाज अली, दीपक कुमार, आशुतोष महतो, अमर कुमार, प्रभाकर कुमार, विक्की कुमार, उज्जवल नीरज सहित अन्य धावकों ने भी 25 किलोमीटर वर्ग में भाग लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया.
वहीं 10 किलोमीटर मैराथन में प्रवीण कुमार, सतीश कुमार, कमलेश कुमार, रविन्द्र कुमार एवं संदीप कुमार ने भाग लिया और सफलतापूर्वक दौड़ पूरी की.
गौरतलब है कि जमशेदपुर रनजीनियर्स ग्रुप के धावक लगातार देश और विदेश में आयोजित मैराथनों में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. इससे जमशेदपुर का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हो रहा है.

